नई दिल्लीः- केंद्र सरकार द्वारा आईटी नियम (IT Rules) 2021 में संशोधन का नया मसौदा जारी किए जाने के बाद डिजिटल दुनिया में एक बड़ी बहस छिड़ गई है। यह सिर्फ टेक कंपनियों तक सीमित मुद्दा नहीं है, बल्कि करोड़ों आम यूजर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और पूरे डिजिटल इकोसिस्टम को सीधे प्रभावित करने वाला कदम माना जा रहा है।
सरकार का कहना है कि इन बदलावों का मकसद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ज्यादा जिम्मेदार बनाना और फेक न्यूज, हेट स्पीच व आपत्तिजनक कंटेंट पर लगाम लगाना है। नए मसौदे के तहत अब कंपनियों के लिए सरकारी निर्देशों और गाइडलाइंस का पालन अनिवार्य होगा। अगर वे ऐसा नहीं करतीं, तो उन्हें “सेफ हार्बर (safe harbor)” यानी कानूनी सुरक्षा से वंचित किया जा सकता है। इसका सीधा मतलब है कि अब प्लेटफॉर्म्स यूजर्स के कंटेंट से पूरी तरह पल्ला नहीं झाड़ पाएंगे।
कंपनियों के लिए क्या बदलेगा?
अब तक सोशल मीडिया कंपनियां खुद को सिर्फ “मिडलमैन” बताती थीं, लेकिन नए नियम उन्हें एक्टिव जिम्मेदार पक्ष बना सकते हैं। उन्हें कंटेंट मॉडरेशन मजबूत करना होगा, शिकायतों का तेजी से समाधान करना होगा और सरकार के निर्देशों पर तुरंत कार्रवाई करनी होगी। बड़े प्लेटफॉर्म्स को भारत में अधिकारियों की नियुक्ति, मासिक रिपोर्ट जारी करने और पारदर्शिता बढ़ाने जैसी अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी निभानी होंगी।
लेकिन कंपनियों की चिंता भी कम नहीं है। उनका कहना है कि अगर हर कंटेंट के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया गया, तो वे जोखिम से बचने के लिए बड़े पैमाने पर कंटेंट हटाने लगेंगी। इससे “ओवर-कॉम्प्लायंस” की स्थिति बन सकती है, जहां वैध और आलोचनात्मक आवाजें भी दब सकती हैं।
आम यूजर पर क्या असर पड़ेगा?
अगर यह मसौदा जारी होता है तो आम यूजर के लिए यह बदलाव दो तरह से असर डालेगा। एक तरफ, अगर कोई फर्जी या आपत्तिजनक कंटेंट आपके खिलाफ पोस्ट होता है, तो उसे हटवाना अब आसान होगा। शिकायत करने पर 24 घंटे में जवाब और 15 दिनों में समाधान अनिवार्य होगा।
दूसरी तरफ, अब यूजर्स को भी ज्यादा सतर्क रहना होगा। फेक न्यूज(Fake news), भ्रामक जानकारी या विवादास्पद पोस्ट करना पहले से ज्यादा जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि प्लेटफॉर्म्स ऐसे कंटेंट को तुरंत हटाने और रिपोर्ट करने के लिए मजबूर होंगे।
कंटेंट क्रिएटर्स की चिंताः-
डिजिटल क्रिएटर्स (Creator) – यूट्यूबर्स (you tube), इंस्टाग्राम (Instagram) इंफ्लुएंसर्स और स्वतंत्र पत्रकार- इस बदलाव को लेकर दुविधा में हैं। एक ओर उन्हें लगता है कि इससे फेक कंटेंट और ट्रोलिंग पर लगाम लगेगी, लेकिन दूसरी ओर उन्हें डर है कि प्लेटफॉर्म्स विवाद से बचने के लिए उनकी कंटेंट रीच सीमित कर सकते हैं या पोस्ट हटा सकते हैं।
प्राइवेसी बनाम सुरक्षाः-
इस मसौदे में सबसे बड़ा सवाल प्राइवेसी को लेकर उठ रहा है। नियमों के तहत जरूरत पड़ने पर “पहले मैसेज भेजने वाले” की पहचान बताने का प्रावधान है। सरकार इसे फेक न्यूज और अपराध रोकने के लिए जरूरी मानती है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इससे एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (End-to-end encryption) कमजोर हो सकता है और यूजर्स (users) की निजी जानकारी खतरे में पड़ सकती है।
लेकिन इन सब पर सरकार का तर्क साफ है- कि डिजिटल स्पेस अब इतना बड़ा हो चुका है कि उसे पूरी तरह “अनियंत्रित” नहीं छोड़ा जा सकता। गलत सूचना, साइबर अपराध और डिजिटल फ्रॉड के मामलों को देखते हुए सख्त नियम जरूरी हैं।
असली चुनौती: संतुलनः-
हालांकि, असली सवाल इन नियमों के इरादे से ज्यादा उनके क्रियान्वयन को लेकर है। क्या ये नियम डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाएंगे या अभिव्यक्ति की आजादी को सीमित करेंगे? क्या कंपनियां जिम्मेदार बनेंगी या जरूरत से ज्यादा सेंसरशिप करेंगी?
फिलहाल आपको बता दे कि सरकार ने 14 अप्रैल तक इस मसौदे पर सुझाव मांगे हैं। यानी अभी इसमें बदलाव की गुंजाइश है। लेकिन इतना तय है कि अगर ये नियम लागू होते हैं, तो भारत का डिजिटल स्पेस एक बड़े बदलाव के दौर से गुजरेगा- जहां आजादी के साथ जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी होगी।
अगर हम इसे आसान शब्दों में समझें तो हम यह कह सकते हैं कि अब सोशल मीडिया सिर्फ “पोस्ट करने की जगह” नहीं रहेगा, बल्कि एक ऐसी जिम्मेदार जगह बनेगा जहां हर क्लिक और हर शब्द की अहमियत होगी।
ये भी पढ़ेः-
