दुर्गापुर/बीरभूम:- पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच Amit Shah ने दुर्गापुर में आयोजित रोड शो और बीरभूम के खैरासोल में रैली के दौरान मुख्यमंत्री Mamata Banerjee पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), न्यायिक प्रक्रिया और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर तृणमूल कांग्रेस को घेरने की कोशिश की। Amit Shah का UCC पर विपक्षी आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि संविधान से जुड़ा विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश में कानून धर्म के आधार पर होना चाहिए या सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। शाह ने स्पष्ट किया कि BJP समान कानून व्यवस्था की पक्षधर है।
SIR मुद्दे पर बयानः-
SIR (Special Intensive Revision) को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए शाह ने कहा कि यह प्रक्रिया न्यायपालिका की निगरानी में चल रही है। उनके मुताबिक, इस पर सवाल उठाना न्यायिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने जैसा है।
‘कट-मनी सिंडिकेट’ पर आरोपः-
उन्होंने बीरभूम जिले के खैरासोल में आयोजित जनसभा में तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में ‘कट-मनी सिंडिकेट’ के जरिए आम जनता का शोषण किया गया है। शाह ने दावा किया कि अगर राज्य में BJP की सरकार बनती है तो इस पूरे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई होगी।
BJP कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा, चाहे वे कहीं भी छिपे हों।
अभिषेक बनर्जी पर निशानाः-
शाह ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव Abhishek Banerjee पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश हो रही है, लेकिन यह संभव नहीं होगा। उन्होंने इसे जनता के जनादेश के खिलाफ बताया।
अमित शाह के इन बयानों को पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले BJP की आक्रामक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी राज्य में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ लगातार रैलियां और रोड शो कर रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस भी जवाबी हमले में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ेः-
