बीबीएयू लखनऊ में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न, विकसित भारत 2047 के लिए समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं पर मंथन

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक समावेशी, सुदृढ़ और समानतापूर्ण बनाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। विश्वविद्यालय के अंबेडकर स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के लोक प्रशासन विभाग द्वारा 29 और 30 अक्टूबर को आयोजित इस संगोष्ठी का विषय ‘Reimagining Health Governance for Viksit Bharat @2047: Towards Inclusive, Resilient and Equitable Healthcare for All’ रहा। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में देशभर के शिक्षाविदों, कुलपतियों, वरिष्ठ प्रशासकों, नीति विशेषज्ञों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया।

संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति एवं मुख्य संरक्षक प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में स्वास्थ्य शासन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विकसित भारत की बुनियादी आवश्यकता है।

वहीं, अंबेडकर स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज की डीन एवं संरक्षक प्रो. शूरा दारापुरी ने सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समुदायों के स्वास्थ्य अधिकारों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने स्वास्थ्य व्यवस्था में नवाचार और नीतिगत सुधारों की आवश्यकता पर विचार रखे। सह-संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. ओ. पी. बी. शुक्ला ने स्वास्थ्य नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय तथा जनभागीदारी को आवश्यक बताया।

दो दिवसीय संगोष्ठी के तकनीकी सत्रों में आयुष्मान भारत, सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन, महामारी से निपटने की तैयारी और डेटा आधारित स्वास्थ्य सेवाओं जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य, वृद्धजनों की देखभाल, स्वास्थ्य सेवाओं में लैंगिक समानता, आयुष एवं पारंपरिक चिकित्सा, पैरामेडिकल सेवाओं में सुधार और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए।

समापन सत्र में विशेषज्ञों ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना, स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल असमानता को दूर करना और ग्रामीण एवं जमीनी स्तर पर सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। संगोष्ठी में प्रस्तुत चयनित एवं उत्कृष्ट शोध-पत्रों को संदर्भित पुस्तक अथवा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित कराने की भी जानकारी दी गई।

इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. विभूति नारायण, डॉ. अनिल प्रकाश शुक्ला और डॉ. प्रवीण कुमार सहित विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन आयोजन सचिव डॉ. विभूति नारायण के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुभाष मिश्रा, डॉ. रमेश चंद्र नैलवाल, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. अजय सिंह कुशवाहा सहित विभिन्न संकायों के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।

Related Posts

नैमिषारण्य में मतदाता सूची में नाम जोड़ने की मांग, कल्पना इनामदार का चौथे दिन भी उपवास जारी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के नैमिषारण्य स्थित नारदानंद आश्रम में मतदाता सूची से काटे गए नामों को दोबारा शामिल करने की मांग को लेकर कल्पना इनामदार का उपवास सत्याग्रह…

एशियन गेम्स 2026: क्रिकेट और हॉकी में भारत का गोल्ड, PM मोदी समेत नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पुरुष क्रिकेट टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखा।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *