Rohit Sharma: पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर तरह-तरह की बातें चल रही थीं। अफवाह तो यहाँ तक थी कि उन्हें ग्रेड-3 हैमस्ट्रिंग टियर है और वो अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। यहाँ तक कि उनके आगामी इंग्लैंड दौरे पर भी सस्पेंस बन गया था। लेकिन हिटमैन ने लखनऊ के मैदान पर उतरकर इन तमाम अटकलों पर पूरी तरह ताला लगा दिया है।
राशिद की गेंद पर चूके, पर दिखा पुराना अंदाज
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में रोहित बिल्कुल अलग मूड में दिखे। पहले मैच में बदकिस्मती से रनआउट होने का गुस्सा उन्होंने इस पारी में निकाला। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों पर 48 रनों की बेहद आक्रामक पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 123 से ऊपर का रहा जिसमें 6 शानदार चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। हालांकि 14वें ओवर में राशिद खान की एक घूमती गेंद पर वो क्लीन बोल्ड हो गए और महज 2 रन से अपना अर्धशतक चूक गए।
यशस्वी जायसवाल रहे फ्लॉप
एक तरफ जहाँ कप्तान लय में दिखे, वहीं दूसरी तरफ किस्मत से प्लेइंग-11 में जगह पाने वाले यशस्वी जायसवाल इस मौके को भुना नहीं पाए। नीतीश कुमार रेड्डी के चोटिल होने के बाद उन्हें ओपनिंग का मौका मिला था, लेकिन वो सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बहरहाल, रोहित की इस छोटी मगर कड़क पारी ने भारतीय फैंस और मैनेजमेंट को बड़ी राहत दी है।


