लखनऊः- UP Panchayat Election 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। State Election Commission, Uttar Pradesh ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस प्रक्रिया के तहत वोटर लिस्ट को अपडेट किया जाएगा, जिसमें गलत नाम हटाने, डुप्लीकेट एंट्री ठीक करने और नए मतदाताओं को जोड़ने का काम किया जाएगा।
तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रियाः-
आयोग के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में 21 अप्रैल से 28 मई 2026 तक मतदाता सूची की सफाई की जाएगी। इस दौरान एक ही व्यक्ति के दो नाम, गलत जानकारी और अन्य त्रुटियों को ठीक किया जाएगा।
दूसरे चरण में 29 मई से 9 जून 2026 तक नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा। इस दौरान जिन लोगों की उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है, वे अपना नाम जुड़वा सकेंगे। साथ ही, जिनके नाम या अन्य विवरण में गलती है, वे भी इसमें सुधार करा सकते हैं। इस अवधि में मतदान केंद्रों का निर्धारण, फोटो अपडेट और अन्य जरूरी कार्य भी किए जाएंगे।
तीसरे और अंतिम चरण में 10 जून 2026 को संशोधित और अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसका उपयोग पंचायत चुनाव में किया जाएगा।
आयोग ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी, ताकि कार्य में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
इसके साथ ही आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान कोई सार्वजनिक अवकाश पड़ता है, तब भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। इससे आम लोगों को अपने नाम जुड़वाने या सुधार कराने में सुविधा मिलेगी।
आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी वोटर लिस्ट की जांच करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उसे ठीक कराएं और पात्र होने पर अपना नाम अवश्य जुड़वाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि सही और अपडेटेड मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव के लिए बेहद जरूरी होती है। इससे चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनती है।
ये भी पढ़ेः-


